
न्यू ज्वाहर नगर में लैबोरेट्री के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस नाके से चंद कदम दूर वारदात, बेखौफ चोरों ने दी कानून-व्यवस्था को चुनौती
जालंधर, 20 जुलाई (रामपाल भगत): न्यू ज्वाहर नगर स्थित एक निजी लैबोरेट्री के बाहर से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल चोरी की वारदात सामने आई है। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक शातिर चोर बड़ी बेखौफी से मोटरसाइकिल चोरी कर मौके से फरार होता दिखाई दे रहा है।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका लगा हुआ था, इसके बावजूद चोर बिना किसी डर के वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गया। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू ज्वाहर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस की निगरानी और गश्त प्रभावी होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंप दी गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि आम लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने वाले अपराधियों पर जल्द से जल्द शिकंजा कसा जा सके।

























