
युवाओं को नेतृत्व दे कांग्रेस हाईकमान, जालंधर सेंट्रल से दीपक खोसला को मिले यूथ कोटे की टिकट : राहुल गंभीरpunjabreflection@gmail.com
जालंधर, 28 नवंबर (एस.के. कपूर): जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गंभीर की अध्यक्षता में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने एवं आगामी विधानसभा चुनावों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस हाईकमान से जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव एवं युवा नेता श्री दीपक खोसला को यूथ कोटे के तहत पार्टी का उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई गई।
पंजाब रिफ्लैक्शन समाचार पत्र के वरिष्ठ संवाददाता एस.के. कपूर से विशेष बातचीत करते हुए राहुल गंभीर ने कहा कि आज समय की मांग है कि कांग्रेस पार्टी युवाओं को केवल संगठन तक सीमित न रखकर उन्हें चुनावी राजनीति में भी उचित प्रतिनिधित्व दे। युवा शक्ति किसी भी राजनीतिक पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है और युवाओं को नेतृत्व का अवसर देकर ही पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है
उन्होंने कहा कि दीपक खोसला लंबे समय से कांग्रेस संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं तथा पंजाब यूथ कांग्रेस के महासचिव के रूप में युवाओं की आवाज बुलंद कर रहे हैं। जालंधर सेंट्रल क्षेत्र में उनकी पहचान, युवाओं के बीच लोकप्रियता, संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक मजबूत दावेदार बनाते है
राहुल गंभीर ने कहा कि जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में युवा मतदाताओं की बड़ी संख्या है। यदि पार्टी इस बार किसी कर्मठ, ऊर्जावान और जमीनी स्तर पर सक्रिय युवा नेता को अवसर देती है, तो इससे न केवल युवाओं में नया उत्साह पैदा होगा, बल्कि कांग्रेस पार्टी को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं पंजाब कांग्रेस हाईकमान से विशेष अपील करते हुए कहा कि ‘युवाओं को मौका, युवाओं को नेतृत्व’ की सोच को धरातल पर उतारते हुए दीपक खोसला को जालंधर सेंट्रल से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी हाईकमान युवाओं की भावनाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए दीपक खोसला के नाम पर सकारात्मक निर्णय लेगा।




























